रांची: मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों के समाधान में बरती जा रही लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने गोड्डा के उपायुक्त को शोकॉज जारी किया है। वर्णवाल ने कहा कि पिछले एक माह से शिकायतों का समाधान करने में गोड्डा का प्रदर्शन बेहतर नहीं है। प्रदर्शन में सुधार के लिए मोहलत देने के बावजूद गंभीरता नहीं दिखायी गयी। वर्णवाल मंगलवार को सूचना भवन सभागार में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र में दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान 11 शिकायतों की समीक्षा की गयी।
रांची डीएसपी को ठोस कार्रवाई करने का निर्देश
रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के न्यू मधुकम निवासी राजू वर्मा की पत्नी सीमा देवी पिछले ढाई साल से लापता हैं। अब तक उनका कोई सुराग नहीं है। मुख्यमंत्री के सचिव ने पुलिस उपाधीक्षक को 15 दिनों में ठोस कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस बाबत पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि स्पेशल टीम गठित कर पश्चिम बंगाल में उन्हें ढूंढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।
घाघरा के बीडीओ को भी शोकॉज
गुमला जिले की घाघरा पंचायत की मुखिया द्वारा पिछले चार माह से कार्यकारिणी की बैठक नहीं करायी जा रही थी। बीडीओ प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा इस मामले की जांच करने की बजाय मुखिया के स्पष्टीकरण को ही रिपोर्ट बना दी गयी। इससे नाराज वर्णवाल ने बीडीओ को शोकॉज करते हुए पंचायत के रजिस्टर समेत अन्य कागजातों की जांच कर उन्हें दोबारा रिपोर्ट करने का निर्देश दिया।
गोचर भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया मकान
गोड्डा जिले के चौरा में ग्रामीणों द्वारा गोचर भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया गया है। वर्णवाल ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि 15 दिनों में वैकल्पिक जमीन की व्यवस्था इन भूमिहीन ग्रामीणों के बीच उसे बंदोबस्त करायें। लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
एक नोडल पदाधिकारी को शोकॉज, एक को मोहलत
वर्णवाल ने मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के नोडल पदाधिकारी को भी शोकॉज नोटिस जारी किया है। क्योंकि वह साप्ताहिक समीक्षा के दौरान अनुपस्थित थे। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के नोडल पदाधिकारी को शिकायतों का त्वरित समाधान कराकर प्रदर्शन में सुधार करने को कहा गया है। पूर्वी सिंहभूम एवं पलामू जिले के नोडल पदाधिकारी को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए सप्ताह भर की मोहलत दी गयी है।