पटना। बिहार में बीते दो दिनों की बरसात के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। इससे तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार की सुबह लोगों को हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
बूंदाबांदी के बाद लोगों को धूल से तो निजात मिली है। लेकिन, ठंड में बढ़ोतरी देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार अभी आकाश में बादल छाये रहेंगे। बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। बूंदाबांदी के कारण बाजार में सन्नाटा छा गया। जरूरी काम से ही लोग अपने घरों से निकले।
मौसम में बदलाव से किसानों की चिंता थोड़ी दूर हुई है। तापमान में गिरावट नहीं होने से किसान गेहूं की बुआई नहीं कर पा रहे थे। खेती लगातार पिछड़ती जा रही थी। बीज के अंकुरण में समस्या होने का डर सता रहा था।