रांची: रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा टल गया। शनिवार को रांची से नयी दिल्ली जानेवाली एयर एशिया की फ्लाइट ने जैसे ही टेक आॅफ की, उससे एक चिड़िया टकरा गयी। इसके बाद विमान ग्राउंडेड हो गया। बर्ड हिट से इंजन के कई ब्लेड टूट गये। इंजन से आग की चिंगारी भी निकलने लगी। इसके बाद अफरा-तफरी मच गयी। फ्लाइट में सवार 174 यात्री बाल-बाल गच गये। सभी को फौरन विमान से निकाला गया। इस हादसे के बाद एयर एशिया को रांची रूट की अपनी सारी फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी। दोपहर 2:20 में जाने वाली रांची-कोलकाता और रांची-दिल्ली फ्लाइट रद्द कर दी गयी है।
बर्ड हिट की इस घटना के समय इस प्लेन में 174 पैसेंजर्स सवार थे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बर्ड हिट की यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी इस एयरपोर्ट पर ऐसी घटनाएं होती रही हैं, परंतु बर्ड हिट की घटना से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट ने कोई सबक नही लिया।
एयरपोर्ट बाउंड्री के पास मंडरा रहे थे पक्षी
रांची एयरपोर्ट पर बर्ड हिटिंग की घटना अकसर होती रहती है। एयरपोर्ट की बाउंड्री के आस-पास गंदगी फैली रहती है। इसके आसपास मांस और मछली की दुकानें हैं। इस कारण एयरपोर्ट के आसपास पक्षियों का झुंड हमेशा मौजूद रहता है। इससे बर्ड हिटिंग का खतरा हमेशा बना रहता है। नियमों के मुताबिक एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास पेड़-पौधे ऐसे नहीं होने चाहिए, जहां पर पक्षी घोंसला बना सकें, लेकिन रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की बाउंड्री के पास बड़ी संख्या में पेड़ हैं। इन पेड़ों को काटने की बात कई बार हुई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।