लोकसभा चुनाव पर हाइकमान से होगी चर्चा
रांची। आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले बीजेपी ने 195 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। इनमें झारखंड की 11 सीटें भी शामिल हैं। इधर इंडी गठबंधन में बैठकों का दौर जारी है। राज्य में इंडी गठबंधन का कौन-कौन उम्मीदवार होगा और किसके खाते में कितनी सीटें आयेंगी। यह अभी तक तय नहीं हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर सहित चारों मंत्रियों को दिल्ली से बुलावा आने के बाद सभी दिल्ली पहुंच गये हैं। उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनों में स्थिति साफ हो जाये।
मंत्रियों से आलाकमान करेगा बात
चंपाई सरकार के कैबिनेट के गठन को लेकर कांग्रेस कोटे के 12 विधायक नाराज दिखे थे। आठ विधायकों ने दिल्ली भी पहुंच कर आलाकमान से अपनी नाराजगी जतायी थी। इसके बाद उन्हें किसी तरह से समझा-बुझा कर वापस भेज दिया था। आलाकमान इन विधायकों की शिकायत पर भी चारों मंत्रियों से यह जानने की कोशिश करेगा कि आखिर क्यों विधायक पार्टी के मंत्रियों की कार्यशैली से खुश नहीं हैं।
कार्यकारी अध्यक्षों ने की है शिकायत
बीते दिनों कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और शहजादा अनवर ने दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष की शिकायत की थी। कार्यकारी अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया था और आरोप लगाया है कि प्रदेश अध्यक्ष मनमाने तरीके से राज्य में संगठन चला रहे हैं।