झारखंड में कोयला, पत्थर, लोहा और बालू की लूट मची है: मरांडी
अवैध तरीके से जमीन की खरीद-बिक्री में लग गया है पूरा महकमा
धनंजय सिंह
हैदरनगर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी अपने पलामू दौरे के तीसरे दिन हैदरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने बूथ स्तरीय भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स दिये। केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को गिनाया, तो झारखंड की महागठबंधन सरकार की बखिया उधेड़ी। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कई जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने केंद्र सरकार की शौचालय योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, नल-जल योजना, लखपति दीदी योजना, मुफ्त राशन योजना आदि पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इसे लेकर ग्रामीण मतदाताओं तक जायें। कायकर्ता ग्रामीणों को बतायें कि वर्ष 2014 से पूर्व देश की स्थिति क्या थी और जबसे मोदी जी ने कमान संभाली है, स्थिति कितनी बदल चुकी है।
अब देश में दलितों-शोषितों, पीड़ितों को मान-सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते नहीं देखना चाहती हैं। विश्व के कई देश भारत की तरक्की से परेशान हैं, क्योंकि उन्होंने भारत को विश्व की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा कर दिया तथा देश विकसित देशों को टक्कर दे रहा है। इसलिए उन्होंने देश में अपने दलाल छोड़ रखें हैं, जो देश के खिलाफ साजिश रचने में लगे हैं। भाजपा कार्यकर्ता एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बना कर ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दें। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी हाइस्कूल मैदान हैदरनगर में आयोजित विधानसभा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। श्री मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते ही भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था में खड़ा हो जायेगा। भाजपा और पीएम मोदी का कोई विकल्प नहीं रह गया है। मोदी जी जो संकल्प लेते हैं, उसके पूरा होने की गारंटी है। इस सरकार ने भविष्य का विजन तैयार कर रखा है। श्री मरांडी ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि इन लोगों ने देश को कितना लूटा कौन नहीं जानता है। मनमोहन सिंह की सरकार में बड़े-बड़े घोटाले हुए थे। उन घोटालेबाजों पर तलवार लटकी है, जिसके बाद वे सारे आज इकट्ठे हो गये हैं।
अपने भाषण के दौरान बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज झारखंड घोटाले में अव्वल हो गया है। यहां कितने घोटाले हुए हैं, यह आप सबको पता है। जब तक हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री रहे, चंपई सोरेन मुख्यमंत्री बने हैं, घोटाले रुक नहीं रहे हैं। जमीन और अवैध खनन घोटाले घोटाले के कारण ही हेमंत सोेरेन को इडी ने गिरफ्तार किया है। वह बिरसा मुंडा जेल में हैं। मौजूदा सरकार में भी घोटाला रूका नहीं है। झारखंड में इन दिनों बालू घोटाला चरम पर है। यहां का बालू घोटालेबाज उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार भेज रहे हैं,जबकि स्थानीय लोगों को घर बनाने के लिए भी बालू नसीब नहीं हो रहा है। अगर किसी ने घर बनाने के लिए नदी से बालू उठाया, तो उसे जेल भेज दिया जाता है। जबकि दलाल हर दिन हजारों गाड़ी बालू की तस्करी कर रहे हैं। पुलिस उन्हें नहीं पकड़ रही। इसी तरह यहां कोयला, पत्थर, लोहा और जमीन, यहां सबकी लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि देश और झारखंड में भ्रष्टाचारियों का जमावड़ा लगा है। अवैध तरीके से जमीन की खरीद बिक्री में पूरा महकमा लगा हुआ है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कल्पना पूछती है कि आखिर हेमंत को किस गलती के लिए जेल भेज दिया गया, तो मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि कल्पना सोरेन जी इडी द्वारा 191 पेज की चार्टशीट किसी से पढ़वा लें, उन्हें पता चल जायेगा कि हेमंत की गलती क्या है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज लगता है कि तिजोरी खाली है, तो नौजवानों के हक भी ये बेचने लगे हैं। जितनी भी यहां परीक्षाएं झारखंड में हो रही हैं, उन परीक्षाओं के पेपर पहले लीक हो जा रहे हैं। राज्य सरकार बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही हैं। यही कहने आप लोगों के बीच आया हूं कि अगर आप चाहते हैं कि झारखंड के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ ना हो, तो जब कोई इंडी गठबंधन का कोई प्रत्याशी वोट मांगने अये तो उन्हें विदा कर कह देना है कि उनकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार पलामू संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विष्णु दयाल राम को जीत दिलाने और देश में पुन: नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उन्हें अपना मत देने और हर बूथ पर हर हाल में शत प्रतिशत मतदान कराने के प्रति सजग और सक्रिय रहने की जरूरत है। कार्यक्रम को सांसद प्रत्याशी बीडी राम और भवनाथपुर के विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष उमेश चंद्र शिव ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र विश्वकर्मा और पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ अजय जयसवाल ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी, पूर्व सांसद घुरन राम, सांसद प्रतिनिधि अखिलेश्वर मेहता ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम में काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आये थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

