-दो लाख 30 हजार रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं ने तीसरी बार ऋण प्राप्त किया है: निर्मला सीतारमण
रांची। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि उद्यमशीलता, जीवन में सुगमता और आत्म-सम्मान को बढ़ावा देने को लगातार प्रोत्साहन देकर महिलाओं के सशक्तिकरण को इन दस वर्षों में काफी बढ़ावा मिला है। वित्त मंत्री ने कहा कि महिला उद्यमियों को मुद्रा योजना के अंतर्गत अब तक 30 करोड़ ऋण प्रदान किए गए हैं। पिछले 10 वर्षों में उच्च शिक्षा के लिए महिलाओं का नामांकन 28 प्रतिशत तक बढ़ चुका है। स्टेम पाठ्यक्रमों में 43 प्रतिशत नामांकन बालिकाओं और महिलाओं का हुआ है, यह संख्या विश्व में सबसे अधिक है। इस तरह के सभी उपाय कार्यक्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में प्रतिबिंबित हो रहे हैं। निर्मला सीतारमण गुरुवार को रांची के डिबडीह स्थित कार्निवाल में आयोजित झारखंड के परिपेक्ष में आर्थिक रूप से महिला सशक्तिकरण पर संगोष्ठी एवं वातार्लाप में बोल रही थी।
इस दौरान कई महिलाओं ने निर्मला सीतारमण से सवाल किया। उन्होंने कहा कि हम निर्धन लोगों के सशक्तिकरण में विश्वास रखते हैं। सीतारमण ने कहा कि हकदारियां देकर गरीबी से निपटने के लिए पहले के उपायों से बहुत ही मामूली परिणाम ही प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि जब गरीब विकास की प्रक्रिया में सशक्त भागीदार बन जाते हैं, तो उनकी सहायता करने में सरकार की क्षमता भी कई गुणा बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सबका साथ मंत्र के साथ बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से छुटकारा दिलाया है। सीतारमण ने कहा कि इस तरीके से सबल बनाए गये लोगों की ऊर्जा और उत्साह की सहभागिता से अब हमारी सरकार के प्रयासों को भी बल मिल रहा है। इससे वास्तव में वे गरीबी से ऊपर उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम-जनधन खातों के माध्यम से 34 लाख करोड़ रुपये का ह्यप्रत्यक्ष लाभ अंतरणह्ण करने से सरकार को 2.7 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है। यह लाभ पूर्व में व्याप्त धन के लीकेज को रोककर सुनिश्चित किया गया है। सरकार की इस बचत से गरीब कल्याण के लिए और अधिक निधियां प्रदान करने में सहायता मिली है। गरीबों के सशक्तिकरण के लिए शुरू की गयी योजनाओं का उदाहरण देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम-स्वनिधि से 78 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को ऋण सहायता प्रदान की गयी है।
इनमें से दो लाख 30 हजार रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं ने तीसरी बार ऋण प्राप्त किया है। सीतारमण ने पीएम-जनमन योजना को गरीबों के सशक्तिकरण का एक प्रमुख उपाय बताते हुए कहा कि यह योजना विशेष रूप से उन कमजोर जनजातीय वर्गों तक पहुंची है, जो अब तक विकास के दायरे से बाहर रहे हैं। इस मौके पर रांची से भाजपा के प्रत्याशी संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह, आरती कुजूर, संजीव विजयवर्गीय, वरुण साहू सहित अन्य शामिल थे।