रांची। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि अमित शाह हमारे लिए वरदान हैं। वह जहां-जहां आयेंगे, वहां दो से चार हजार लोग जुटेंगे। 30 मई तक अमित शाह झारखंड में ही रहें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि 14 सीट इंडी गठबंधन को मिले। वे शनिवार को पत्रकारों से बात कर रहे थे। कहा कि अमित शाह की जो भाषा है, वह बड़ा अजीब है। उन्होंने कहा कि उल्टा लटकाकर सीधा कर देंगे। यह गुजरात नहीं झारखंड है। यहां कोई धमकी नहीं दे सकता। जनता जवाब देगी। यहां बीजेपी को उल्टा कर सीधा कर दिया जायेगा। 13 मई को ही जवाब मिल जायेगा।
पहले चरण की चारों सीटों पर भाजपा से संघर्ष
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पहले चरण की चारों सीटों में सीधा चुनावी संघर्ष बीजेपी के साथ है। संयोग से ये चारों सीटें आरक्षित सीटें हैं। ये चारों सीटें स्पष्ट रूप से इंडी गठबंधन के पक्ष में आयेंगी। बीजेपी का सफाया होगा। ऐसा इसलिए कह रहा हूं कि क्योंकि गृहमंत्री अमित शाह ने खूंटी में जनसभा को संबोधित किया। वहां ढोये गये पांच हजार लोग ही थे। झारखंड के लोग सीधे हैं। ये बिरसा की भूमि है। उन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। ये गुजरात नहीं है, खदेड़ दिये जायेंगे।
कश्मीर में विधानसभा का चुनाव करा कर दिखायें
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यदि 2024 में हिम्मत तो कश्मीर में विधानसभा का चुनाव करा कर दिखायें। हर चीज में केवल गीदड़भभकी देते हैं। भाषा संयमित रखना होगा। शुक्र मनाइये कि वहां कोई आदिवासी नहीं था। मुद्दों पर लड़िये। मुद्दों पर बीजेपी बात करती नहीं है। अर्धसैनिक बल के मंत्री बन गये हैं, तो सोच लिया कि धमका कर चले जायेंगे। क्यों श्रीनगर नहीं जाते। अमित शाह जवाब दें। केवल और केवल भयादोहन किया जा रहा है। वित्त मंत्री यहां आती हैं। लैंड स्कैम के आरोपी से मिलती हैं। पेपर का आदान-प्रदान होता है। चुनाव आयोग इस पर संज्ञान ले।