रांची। राजधानी रांची के नगड़ी थाना इलाके के हटिया डैम में नहाने के दौरान दो भाइयों की डूबने से मौत हो गयी थी। इस मामले की जानकारी पुलिस और एनडीआरएफ की टीम को दी गयी थी। एनडीआरएफ की टीम शनिवार से ही प्रयासरत थी, लेकिन रविवार को टीम ने दोनों भाइयों के शव को बाहर निकाल लिया।
दोनों भाइयों का नाम आर्य शर्मा और आलोक शर्मा है। दोनों भाई रांची प्रभात तारा स्कूल में पढ़ाई करते थे। मृतक के परिवार वालों का कहना है कि उनके बच्चे कब हटिया डैम पहुंच गये, इसकी जानकारी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों बच्चे डैम में नहा रहे थे। इसी दौरान एक बच्चा डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसका भाई गया, लेकिन वह पानी में डूब गया।