रांची। झारखंड में एक बार फिर तपिश बढ़नेवाली है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है.।साथ ही 15 से 19 मई तक राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में आंशिक बादल छाये रहेंगे और मौसम शुष्क रहेगा। वहीं 20 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं पर गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।
राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और आंधी के साथ हुई बारिश
बता दें कि मंगलवार को राज्य के उत्तरी भाग गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्के दर्जे की वर्षा हुई। वहीं पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और आंधी के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा 36.8 एमएम धालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम) में दर्ज की गयी। डाल्टनगंज में उच्चतम तापमान सर्वाधिक 39.6 डिग्री सेल्सियस और रांची में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिमडेगा, खूंटी, बोकारो और जमशेदपुर में 38 से 26 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।