-सांसद संजय सेठ ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया
रांची। सांसद संजय सेठ ने शनिवार को गोंदा मंडल, कांटाटोली के विभिन्न क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया। दादुर बगान चौक में महिला सम्मेलन कार्यक्रम में कहा कि आज देश विकसित भारत की श्रेणी में खड़ा है। आज का भारत आत्मनिर्भर भारत है। आज का भारत हाथ फैलाने वाला भारत नहीं, बल्कि दूसरों को देने वाला भारत है।
भारत खुद हथियार का निर्माण कर रहा है। यही नहीं, अब दूसरे देश भी हमसे हथियार खरीद रहे हैं। लड़ाकू विमान तेजस हम खुद अपने देश में बना रहे हैं और दूसरे देश आज हमारे बने हुए फाइटर प्लेन ले रहे हैं। यह है विकसित भारत की ताकत। झारखंड सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। झारखंड में बिना पैसे का कोई काम नहीं हो पा रहा है। बिजली, बेरोजगारी हो या कानून व्यवस्था, सब ध्वस्त है। इस लंगड़ी और भ्रष्टाचारी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है।
सांसद सेठ ने लोगों से अपील करते हुए कहा लोकतंत्र के इस पर्व में सभी 25 तारीख को अपना मतदान राष्ट्र के निर्माण के लिए करें। मौके पर विकास कुमार रवि, रामेंद्र कुमार, विश्वास कुमार, जगलाल पाहन, माया सिंह सिसोदिया, नकुल तिर्की, रामलगन राम, कुंदन सिंह, जीतेंद्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे।