भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह और पैरा एथलीट देवेंद्र झाझरिया को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को साल 2017 के लिए राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया। इन दो खिलाड़ियों के साथ ही 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसमें टीम इंडिया के खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर शामिल हैं। हालांकि पुजारा काउंटी क्रिकेट खेलने की वजह से अवॉर्ड लेने नहीं आ सके हैं। राष्ट्रपति ने खिलाड़ियों को राजीव गांधी खेल रत्न सम्मान और अर्जुन अवॉर्ड के साथ ही द्रोणाचार्य पुरस्कार से भी सम्मानित किया।
सरदार सिंह ने लंबे समय तक भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की है और इस दौरान उनका अच्छा प्रदर्शन रहा है। वहीं देवेंद्र झाझरिया ने रियो पैरालिंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए जेवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीता था।
सरदार सिंह को मॉडर्न हॉकी के बेहतरीन मिडफील्डर्स में गिना जाता है। कॉमनवेल्थ खेलों में उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने रजत पदक जीता था। हॉकी वर्ल्ड लीग में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान भी सरदार थे। उन्हें 2015 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
टीम इंडिया के चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर को अर्जुन पुरस्कार को अर्जुन पुरस्कार दिया गया है। इनके साथ ही पैरा एथलीट थंगवेलु मरियप्पन और वरुण भाटी भी अर्जुन पुरस्कार को भी यही पुरस्कार दिया गया है। इस लिस्ट में गोल्फर एसएसपी चौरसिया, मुक्केबाज देवेंद्रो सिंह, पहलवान सत्यव्रत कादयान और टीटी खिलाड़ी एंथनी अमलराज का नाम भी शामिल है। हॉकी खिलाड़ी एसवी सुनील, टेनिस खिलाड़ी साकेत मैनेनी, शूटर प्रकाश नंजप्पा, एथलीट खुशबीर कौर, और राजीव अरोकिया भी अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं। एथेलिट भूपेंद्र सिंह और पूर्व फुटबॉलर सैयद शाहिद हकीम को ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।