रांची। रेमल तूफान का असर झारखंड में भी दिखेगा। अगले छह दिनों तक बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड में एक जून तक बारिश के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। मेघ गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। इसे लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तीन से पांच डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। 27 मई को भी राज्य के उत्तर पूर्वी, मध्य और दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में 28 मई को पूर्वी और मध्य भागों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। 29 और 30 मई को उत्तर पूर्वी भागों, 31 मई और 1 जून को झारखंड के पूर्वी भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
खराब मौसम में घर से बाहर रहने पर सजग रहें
सुरक्षित स्थानों पर शरण लें
भूलकर भी पेड़ के नीचे नहीं रुकें
बिजली के खंभों से दूर रहें
किसान खेतों में नहीं जायें
मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें