केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। सेना के हेलीकॉप्टर एमआई 17 से वह देहरादून के जीटीसी हेलीपैड के लिए हो गए। जीटीसी हेलीपैड से राजनाथ सिंह मसूरी जाएंगे। जहां वह प्रशिक्षु आईएएस अफसरों को संबोधित करेंगे।
पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहे। उनके वापस लौटते ही 23 सितंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिनी दौरे पर आए। अब केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह चार दिवसीय दौरे पर हैं। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज दोपहर बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। वह यहां चार दिनी दौरे पर रहेंगे। आज वे मसूरी जाएंगे। राजनाथ सिंह पौने तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और फिर सीधे मसूरी स्थित लाल बहादुरी शास्त्री प्रशासनिक अकादमी जाएंगे। यहां वे आईएएस अफसरों को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री अगले दिन दोपहर बदरीनाथ के लिए भी रवाना होंगे। 29 और 30 सितंबर को वे उत्तराखंड से लगी चीन सीमा का जायजा लेंगे। एक अक्तूबर को केदारनाथ के दर्शन के बाद वे दिल्ली लौटेंगे।
आईटीबीपी और सेना के अफसरों के साथ करेंगे बैठकें
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह तीन दिन उत्तराखंड से लगे चीन सीमा पर बिताएंगे। उनका यह दौरा सुरक्षा को लेकर अहम माना जा रहा है। वीवीआईपी के लिहाज से उत्तराखंड के लिए सितंबर माह महत्वपूर्ण रहा है। आज वह लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी मसूरी जाएंगे और आईएएस अफसरों को संबोधित करेंगे। रात में वे एकेडमी में ही बिताएंगे। अगले दिन वे मसूरी से सीधे बदरीनाथ के लिए रवाना होंगे। दर्शन के बाद माणा स्थित आईटीबीपी के कैंप में अफसरों के सीमा सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक लेंगे और रात में वहीं रहेंगे। 30 सितंबर को रिमखिम (चमोली) और फिर लपथल (पिथौरागढ़) जाकर सैन्य अफसरों के साथ मंत्रणा करेंगे। लपथल से वे वापस जोशीमठ लौटेंगे और फिर औली जाएंगे। रात वे औली में ही बिताएंगे। राजनाथ एक अक्तूबर को केदारनाथ के दर्शन करेंगे और इसी दिन पौने तीन बजे जौलीग्रांट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गृह मंत्री के दौरे के लिए दून पुलिस ने की तैयारी
गृहमंत्री राजनाथ सिंह के गुरुवार से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था चौबंद की। पुलिस लाइन में हुई बैठक में उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कर्मचारियों को ड्यूटी के लिए तय समय से तीन घंटे पहले पहुंचने और कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल अपने ड्यूटी अधिकारी को देने को कहा।