रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रांची दौरा 19 और 20 सितंबर को प्रस्तावित है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से रांची डीसी के निर्देश पर रांची में नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। राष्ट्रपति के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन और कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून पूर्णत: वर्जित रहेगा।
सदर एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने बीएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत इलाके में नो फ्लाई जोन के अलावा अन्य संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाते हुए नो ड्रोन जोन घोषित किया है। ये निषेधाज्ञा 19 और 20 सितंबर को सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक के लिए लागू रहेगी। 19 सितंबर को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक, और राजभवन के मार्ग को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है।
20 सितंबर को राष्ट्रपति के राजभवन से अरगोड़ा चौक, कडरू, राजेंद्र चौक, सदाबहार चौक और आइसीएआर नेशनल इंस्टीट्यूट आॅफ सेकेंड्री एग्रीकल्चर नामकुम की 200 मीटर की परिधि तक नो फ्लाई जोन लागू रहेगा।