रांची। राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित मॉल ऑफ रांची में संचालित बीयर बार लार्ड ऑफ दी ड्रिंक्स के मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मैनेजर का नाम मनीष सिंह है और वह बिहार के गया जिले का रहने वाला है। सुखदेव नगर थाने की पुलिस ने शनिवार देर रात छापेमारी की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की है। सुखदेव नगर थाने की पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि मॉल ऑफ रांची में संचालित बीयर बार लॉर्ड आफ दी ड्रिंक्स में देर रात तक पार्टी का आयोजन जारी है, जिसके बाद पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कार्रवाई की है। इस मामले को लेकर सुखदेव नगर थाना प्रभारी ने बताया कि एफआइआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के बाद मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
झारखंड हाइकोर्ट ने प्रदेश सरकार को यह सुनिश्चित करने को कहा था कि रात 12 बजे के बाद किसी भी हालत में बार एवं रेस्टोरेंट खुले न रहें। कोर्ट ने रांची के मेन रोड इलाके में स्थित एक बार में एक युवक की गोली मार कर हत्या के मामले में स्वत: संज्ञान के आधार पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया था।