लोहरदगा। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 32वीं वाहिनी ने गुरुवार को नशा मुक्ति अभियान चलाया। मौके पर कंपनी कमांडर मनीष कुमार चौबे के नेतृत्व में हाई स्कूल और राजकीय कृत मध्य विद्यालय किस्को के विद्यार्थियों के साथ क्षेत्र में नशामुक्ति अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। सशस्त्र सीमा बल 32वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने राज्यकीय मध्य विद्यालय के छात्र छात्राओं के साथ हाथों में तख्तियां लेकर किस्को मुख्य चौक और थाना चौक सहित विभिन्न इलाकों में नशापान से दूरी बनाए जाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाया।
इस दौरान तंबाकू छोड़ें स्वस्थ और निरोग रहें, गुटखा तंबाकू स्वास्थ्य और परिवार वालों की जिंदगियां नष्ट हो जाती है, ऐसी कई स्लोगन हाथों में लिए जागरूकता रैली निकाली गई। मौके पर नशापान के विरुद्ध एसएसबी 32वीं वाहिनी के अधिकारियों और जवानों और राज्य संपोषित उच्च विद्यालय एवं राज्यकीय मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।