खूंटी। खूंटी जिले में भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिल गया है। संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत आनन्द कुमार को भाजपा खूंटी जिला इकाई का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके चयन की घोषणा होते ही जिले भर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।
जिलाध्यक्ष बनाए जाने के बाद आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश नेता नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, वरिष्ठ भाजपा नेता जेबी तुबिद, पूर्व विधायक नारायण दास सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने आनन्द कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई।
अपने संबोधन में आनन्द कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरे उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि खूंटी एक आदिवासी बहुल जिला है, जहां संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना उनकी मुख्य जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।

