चार और सांसद के शामिल होने का दावा
-चड्ढा ने कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरा भरोसा
नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) में बड़ी टूट हुई है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस की। इसमें उन्होंने आम आदमी पार्टी से बगावत करते हुए पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने चार अन्य सांसदों के नाम भी बताये, जिन्होंने आम आदमी पार्टी छोड़ दी है। इस तरह से आम आदमी पार्टी के सात सांसदों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी है। इसके बाद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल भाजपा में शामिल हो गये। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने तीनों सांसदों को भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलायी।
सात सांसदों के शामिल होने का किया दावा
चड्ढा ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से सात सांसद भाजपा में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल और राजेंदर गुप्ता हमारे साथ हैं। चड्ढा को हटाने के बाद अशोक मित्तल राज्यसभा में पार्टी के उपनेता बनाये गये थे। वह लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चेयरमैन हैं और जालंधर में उनके घर 10 दिन पहले (15 अप्रैल) एऊ ने छापेमारी की थी।
राघव बोले, दलबदल कानून नहीं लगेगा
राघव ने बताया कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों ने यह फैसला लिया। इसलिए दलबदल कानून लगने का कोई मतलब नहीं है। उन्होंने कहा पिछले कुछ सालों से, मुझे यह महसूस हो रहा था कि मैं गलत पार्टी में सही आदमी हूं। हमने यह फैसला किया है कि हम संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को भाजपा में मिला लेंगे।


