जामताड़ा। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ, न्यू कॉलोनी में आज तड़के करीब साढ़े चार बजे एक टेंट हाउस में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। यह घटना मोहम्मद अख्तर के घर में स्थित टेंट हाउस के गोदाम में हुई, जहां आग की लपटों ने विकराल रूप धारण करते हुए पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
सुबह जब लोगों ने खिड़की से धुआं उठते देखा, तो शोर मचाकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि देखते ही देखते टेंट हाउस में रखे गद्दे, तकिए, सोफे, बेडशीट, बिजली के पंखे और अन्य सजावटी सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। संचालक के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना तुरंत मिहिजाम पुलिस और जामताड़ा अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी पहुंचने में काफी देरी हुई, जिससे स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी देखी गई।
स्थिति को बिगड़ते देख मोहल्ले वासियों और वार्ड पार्षद प्रमिला देवी के पति ने अदम्य साहस का परिचय दिया। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत और आपसी सहयोग से दमकल के आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद टेंट हाउस मालिक का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों ने मिहिजाम शहर में स्थायी अग्निशमन केंद्र और दमकल गाड़ी की व्यवस्था करने की मांग पुरजोर तरीके से उठाई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल की सुविधा मिलती, तो नुकसान को काफी कम किया जा सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

