रांची। झारखंड में हुए उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में गिरफ्तार 168 आरोपितों को शुक्रवार को राहत मिल गई। रांची स्थित अपर न्यायायुक्त योगेश की अदालत ने सभी आरोपितों को 20-20 हजार रुपये के दो-दो निजी मुचलकों पर जमानत दे दी। इससे पहले बुधवार को सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
दरएसल, इसी वर्ष 11 अप्रैल को उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के आरोप में 168 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें अधिकांश परीक्षार्थी शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया था।
पुलिस को सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में एक अर्धनिर्मित भवन में बड़ी संख्या में लोग जमा हैं। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल ने 11 अप्रैल की देर रात वहां छापा मारा। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद लोग भागने लगे, लेकिन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 168 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में अंतरराज्यीय पेपर लीक और पेपर सॉल्व कराने वाले गिरोह के पांच कथित सरगना अतुल वत्स, विकास कुमार, शेर सिंह, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद भी शामिल हैं। इसके अलावा सात महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के एजेंटों ने अभ्यर्थियों को तमाड़ के रड़गांव में ठहराया था, जहां उन्हें प्रश्नों के उत्तर रटाए जा रहे थे। गिरोह ने अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन और एडमिट कार्ड अपने कब्जे में रख लिए थे। बताया गया कि अभ्यर्थियों से नौकरी दिलाने के नाम पर 10-10 लाख रुपये में सौदा किया गया था। कुछ अभ्यर्थियों ने गिरोह के सदस्यों के नाम पर बैंक चेक भी दिए थे।
इस मामले में तमाड़ थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज की गई थी। प्राथमिकी में 152 पुरुष अभ्यर्थी, सात महिला अभ्यर्थी, पांच गैंग सरगना समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपितों को 13 अप्रैल को अदालत में पेश किया गया था, जिसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।

