रांची। झारखंड में 13 और 14 मई को मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट किया है।
13 मई को रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 14 मई को दुमका में भी मौसम खराब हो सकता है।
पिछले 24 घंटों में राज्य में अच्छी बारिश हुई है। बोकारो थर्मल में सर्वाधिक 21.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। जमशेदपुर में 20.2, सिमडेगा के बानो में 19, सिसई में 18, बड़कागांव में 16.2, चाईबासा में 15.1, रामगढ़ डीवीसी में 14.5, रांची व हिरणपुर में 14.2-14.2 और खलारी में 14 मिमी बारिश हुई। लगातार हुई बारिश से राहत मिली है और तापमान में 8 से 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
रविवार को रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम 16.5 डिग्री रहा। जमशेदपुर में 33.6 और 19.8, डाल्टनगंज में 39.4 और 22.6, बोकारो में 29.1 और 17.2 डिग्री तथा खूंटी में 32.9 और 18.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

