भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर-1 से पांच मासूम बच्चियों के अचानक लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी बच्चियों की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है और वे आपस में गहरी सहेलियां थीं।
परिजनों के मुताबिक बुधवार देर रात करीब 11 बजे के बाद से बच्चियां रहस्यमय तरीके से गायब हैं। लापता बच्चियों में पल्लवी, गंगा और श्वेता समेत अन्य बच्चियां शामिल हैं। परिवार वालों का आरोप है कि रात में ही पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इसी बीच गांव की एक बच्ची संध्या ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि लापता बच्चियों ने उसे भी साथ चलने के लिए कहा था और बदले में “बहुत सारे पैसे” मिलने की बात कही थी। हालांकि संध्या उनके साथ नहीं गई। इस खुलासे के बाद मानव तस्करी गिरोह की आशंका और गहरा गई है।
घटना के बाद पूरे मोहल्ले में डर और तनाव का माहौल है। परिजन रातभर बच्चियों की तलाश में जुटे रहे, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से बच्चियों की जल्द बरामदगी की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

