पूर्वी सिंहभूम। खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दिल्ली दौरे से लौटने के तुरंत बाद पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता दुलाल भुईयां आंदोलन में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
पूर्व मंत्री सह भाजपा नेता दुलाल भुईयां के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान साकची स्थित भाजपा कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण परियोजना में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं और निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। उनका कहना था कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति बदहाल बनी हुई है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि परियोजना पर निर्धारित राशि खर्च की गई है तो फिर सड़क की हालत ऐसी क्यों है, इसका जवाब संबंधित विभाग और संवेदक को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए ताकि जनता के पैसे के दुरुपयोग की सच्चाई सामने आ सके।
भाजपा परसूडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा की ओर से उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है और संवेदक कार्यस्थल से गायब है। इससे स्थानीय लोगों को रोजाना गड्ढों, कीचड़ और धूल से जूझना पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

