रांची। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू रांची आ रहे हैं। वे 27 से 30 सितंबर तक आयोजित लोकमंथन कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। लोकमंथन कार्यक्रम प्रज्ञा प्रवाह की ओर से खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित हो रहा है। उद्घाटन 27 सितंबर को शाम चार बजे होगा। वहीं समापन समारोह 30 सितंबर को 11 बजे होगा। समापन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगी। इसकी जानकारी झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद और युवा विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने दी। उनके साथ में लोकमंथन के सचिव डॉ. मनीष रंजन, केंद्रीय टोली सदस्य दीपक शर्मा और लोकमंथन के सह संयोजक डॉ. मयंक रंजन भी थे।
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि लोकमंथन कार्यक्रम राष्ट्रवादी विचारकों और कर्मयोगी भाग ले रहे हैं। इसमें सभी विषय को शामिल किया गया है। विषय में सारगर्भित और बहु समसामयिक विषयों का समावेश किया गया है। 26 सितंबर से प्रदर्शनी का लगाया जाएगा। इसका उद्घाटन झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव करेंगे। प्रदर्शनी का उद्घाटन 11 बजे होगा।
इस विषय पर होगी चर्चा : केंद्रीय टोली सदस्य दीपक शर्मा ने बताया कि प्रज्ञा प्रवाह राष्ट्रीय चिंतकों -विचारकों का संगठन है। रांची में राष्ट्रवादी विचारकों और कर्मयोगियों का यह दृवार्षिक सम्मेलन है। इसमें झारखंड सरकार सहयोग कर रही है। लोकमंथन के रांची संस्करण में भारत बोधः जन-गण-मन (द आइडिया ऑफ भारत) विषय पर चर्चा और विमर्श होगा।
सकारात्मक परिणामों को लक्षित बहु स्तरीय चर्चाएं होगी
इस चार दिवसीय महासम्मेलन में सभी भागीदारों के लिए सकारात्मक परिणामों को लक्षित बहु स्तरीय चर्चाएं होगी। भारत का विचार क्या है, राष्ट्र और समाज की हमारी अवधारणा क्या है, भारत का मानस क्या है, क्या था, क्या होना है और किस दिशा में इसे जाना चाहिए. इन सभी विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही राजनीतिक, आर्थिक, स्थानीय प्रशासनिक मॉडल, जिनपर हम चलते हैं और जिन पर चलना चाहिए पर भी चर्चा होगी।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू करेंगे उद्घाटन
दीपक शर्मा ने बताया कि उद्घाटन समारोह शाम 4 बजे से होगी. इसमें उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू उद्घाटन करेंगे। वहीं झारखंड के राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू पुस्तक का लोकार्पण करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रघुवर दास और आभार प्रदर्शन झारखंड के पर्यटन कला संस्कृति खेलकूद और युवा विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी करेंगे। स्वागत संबोधन केंद्रीय विश्वविद्यालय रांची के प्रोफेसर नंदकुमार इंदु करेंगे। वहीं, प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे नंदकुमार प्रस्तावना पढ़ेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रघुवर दास करेंगे। अतिथि के रूप में मंत्री अमर कुमार बाउरी होंगे। स्वागत रांची की मेयर आशा लकड़ा करेंगी। वृत निवेदन लोकमंथन के संयोजक राजीव कमल बिट्टू और आभार सचिव मनीष रंजन करेंगे। उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा सहयोग के जाने पर आभार जताया।