मुंबई : रात 10 बजे तक ही पटाखे फोड़ने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के उल्लंघन के आरोप में मुंबई पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह महाराष्ट्र में अपनी तरह का संभवत: पहला मामला है। ट्रांबे पुलिस ने बुधवार को दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ये लोग कथित रूप से सुप्रीम कोर्ट द्वारा तय की गई 10 बजे की समय सीमा के बाद पटाखे फोड़ रहे थे। इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अक्टूबर में सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि दिवाली या किसी अन्य त्योहार पर पटाखे केवल एक तय समय सीमा के अंदर ही फोड़े जा सकते हैं। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद करने के आदेश को लागू कराने में परेशानियां झेल रहे पुलिसवालों ने कहा कि वह दुविधा में थे क्योंकि ज्यादातर दोषी बच्चे थे। छोटे बच्चों पर कार्रवाई करना उनके लिए बेहद मुश्किल है।’