दुमका। भाजपा विरोधी तमाम दलों के बीच जैसे महागठबंधन बनाने पर सहमति के बाद अब सीटों के बंटवारे पर भी राय बन जाने को लेकर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन पूरी तरह आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में शामिल कौन सी पार्टी कितने और किस-किस सीट पर चुनाव लड़ेगी, अगली बैठक में सब साफ हो जायेगा। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहा कि झारखंड में महागठबंधन का प्रारूप तैयार हो रहा है। जल्द ही टिकट बंटवारा तय कर लेंगे। महागठबंधन को लेकर पहले दौर की बातचीत सकारात्मक रही है। अगली बैठकों में सीटों का बंटवारा हो जायेगा। इस बार झारखंड से भाजपा का सफाया तय है।
आगामी चुनावों में जनता देगी जवाब : शनिवार को सोरेन ने दुमका में स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने मिलकर लोगों को जो सब्जबाग दिखाया था, वह जनता देख चुकी है। आने वाले लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में जनता जवाब देगी। झारखंड में विकास के सवाल पर कहा कि विकास सिर्फ विज्ञापनों में ही दिखता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी बढ़ी है। यहां के युवक दूसरे प्रदेशों में रोजगार करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे अधिक दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि खनिज संपदा से भरपूर झारखंड के लोगों को रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता है।