जमशेदपुर। जमशेदपुर के तीरंदाज 22 वर्षीय जसपाल सिंह और 27 वर्ष के सरस सोरेन की मंगलवार देर रात मध्य प्रदेश के शहडोल में सड़क हादसे में मौत हो गयी। हादसा शहडोल के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की स्थित बुढार थाना क्षेत्र के लालपुर हवाई अड्डा के पास की है। दोनों खिलाड़ी एक प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जा रहे थे।
खड़े ट्रक में कार ने मारी टक्कर
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों की कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मारी है। हादसे के दौरान दोनों खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे के बाद लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिर स्थानीय पुलिस ने दोनों खिलाड़ियों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दोनों के घर हादसे की सूचना दे दी गयी है।
इंडोर विश्व कप तीरंदाजी में गोल्ड जीतने वाले जसपाल सिंह और एनआईएस सर्टिफिकेट कोर्स 2018-19 के टॉपर राष्ट्रीय तीरंदाज सरस सोरेन कार से यहां चल रही जूनियर नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में भाग लेने आ रहे थे। प्रतियोगिता में इनका तीरंदाजी इक्वीपमेंट का स्टॉल लगा था। जसपाल ने पिछले साल थाइलैंड में विश्व इंडोर तीरंदाजी चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था, जबकि शरद ने दो महीने पहले ही एनआईएस सर्टिफिकेट कोर्स में टॉप किया था। रांची के एक्सपोर्ट क्लब से दोनों खिलाड़ी तीरंदाजी के नेशनल प्लेयर बने थे।
झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष मुंडा ने जताया दुख
हादसे के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि दोनों की मौत राज्य और तीरंदाजी के लिए बड़ा झटका है। जसपाल सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। जबकि सरस तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे।