रांची। झारखंड में सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल को तगड़ा झटका लगा है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी सोमवार को नयी दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गयीं। उनके साथ राजद के पूर्व विधायक जर्नादन पासवान भी भाजपा में शामिल हो गये हैं। दूसरी ओर राजद के वरीय नेता और पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने खुद इसकी पुष्टि की है।
पिछले कुछ दिनों से अन्नपूर्णा देवी और गिरिनाथ सिंह के भाजपा में जाने के कायास लगाये जा रहे थे। नयी दिल्ली स्थित भाजपा के मुख्यालय में सोमवार की शाम भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, संजय मयूख भी मौजूद थे। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से भी मुलाकात की।
चर्चा है कि गिरिनाथ सिंह भाजपा में शामिल होने के बाद चतरा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। भाजपा ने रांची, चतरा और कोडरमा सीट से अभी तक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। गिरिनाथ सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने की पुष्टि करते हुए कहा कि प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया हूं। अभी कहीं नहीं जा रहा हूं। फिलहाल बस इतना ही कहूंगा कि पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया हूं।
कोडरमा से मिल सकता है अन्नपूर्णा को टिकट
चर्चा है कि भाजपा में शामिल होने के बाद अन्नपूर्णा देवी को कोडरमा संसदीय सीट से टिकट मिल सकता है। अन्नपूर्णा देवी को किस लोकसभा सीट से टिकट मिलेगा। ये केंद्रीय चुनाव कमेटी तय करेगी।