धनबाद/ जमशेदपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को धनबाद और जमशेदपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने धनबाद से भाजपा उम्मीदवार पीएन सिंह और जमशेदपुर से भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के पक्ष में वोट देने की अपील की। उन्होंने अपने भाषण में कांग्रेस और राहुल गांधी पर जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा, हम सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंकियों का सफाया कर रहे हैं, जबकि राहुल बाबा और उनकी कांग्रेस आतंकियों से इलू-इलू कर रही है।
अमित शाह ने भगवान बिरसा से लेकर झारखंड के शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अब तक वह 295 सीट का दौरा कर चुके हैं। यह उनकी 296वीं सभा है। सभी जगह मोदी- मोदी के नारे लग रहे हैं। यह कोई दिखावे का नारा नहीं है। पीएम मोदी को मैं बहुत दिनों से जानता हूं। वह 18 घंटे काम करनेवाले व्यक्ति हैं। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पांच वर्षों के कार्यकाल में पीएम मोदी ने देश की बूढ़ी माताओं को गैस चूल्हा दिया, 2.5 करोड़ लोगों को शौचालय दिया, पीएम ने देश के करोड़ों लोगों को आयुष्मान योजना से सीधा लाभ पहुंचाया। आज तक 24 लाख 75 हजार अस्वस्थ लोगों का आॅपरेशन मोदी सरकार ने करवाया है।
अटल जी ने झारखंड दिया मोदी जी संवार रहे हैं
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड का तोहफा दिया और नरेंद्र मोदी इस तोहफे को संवार रहे हैं। रघुवर दास सरकार राज्य को विकास के रास्ते पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि आप भाजपा प्रत्याशियों को जिता कर मोदी को प्रधानमंत्री बनायेंगे, तो कोलकाता से कच्छ तक और कश्मीर से कन्याकुमारी तक चुन-चुन कर घुसपैठियों को निकाला जायेगा। कश्मीर से धारा 370 को हटा दिया जायेगा।
पहले घुसपैठ होती थी तो चुप रहते थे मौनी बाबा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहले पाकिस्तान से घुसपैठ होती थी, तो मौनी बाबा चुप रहते थे। पर अब पुलवामा जैसी आतंकी घटनाओं के बाद आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी 56 इंच के सीना वाला व्यक्ति हैं। पुलवामा के बाद पाकिस्तान ने जैसे ही बॉर्डर पर टैंक बिछाया, तो पीएम ने वायु सेना को बुलाकर घर में घुस कर बदला लेने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा, कांग्रेस को आतंकियों के साथ इलू-इलू करना है तो करे, पर जब तक भाजपा की सरकार है, तब तक पाकिस्तान से एक भी गोली आयेगी, तो ईंट का जवाब पत्थर से दिया जायेगा।
पीएन सिंह के कार्यों की सराहना की
भाजपा अध्यक्ष ने धनबाद के वर्तमान सांसद पीएन सिंह की उपलब्धियां गिनायीं और उनकी जम कर तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि सात हजार करोड़ की लागत से सिंदरी कारखाना पुन: चालू होना पीएन सिंह की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पूरे लोकसभा क्षेत्र में अब तक 18 हजार घर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनवाये गये हैं। डीसी रेल लाइन पीएन सिंह के प्रयास से ही चालू हुई है। पूरे जिले की सड़कों के चौड़ीकरण का काम उन्होंने कराया। जिले में 90 हजार लोगों को बिजली का कनेक्शन दिया गया। आइएसएम को आइआइटी का दर्जा दिलवाया। 22 लाख किसानों को केंद्र सरकार की योजना का लाभ दिलवाया। इतने काम केवल पीएन सिंह ने कराये हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

