आजाद सिपाही संवाददाता
गढ़वा। गढ़वा जिला मुखिया संघ के अध्यक्ष मोजीबुर्र रहमान अंसारी ने कहा है कि 14वें वित्त आयोग की राशि का टेंडर किसी भी कीमत में नहीं होने देंगे। राज्य सरकार सभी मुखिया पर दवाब देकर काम कराना चाहती है। मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष रविवार को विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में बोल रहे थे। मुखिया संघ ने कहा कि सरकार के भरोसे कोई मुखिया चुन कर नहीं आया है। मुखिया को जनता ने चुना है। इसलिए हम जनता के प्रति जवाबदेह हैं। जनता का जो फैसला होगा, वहीं मुखिया करेंगे। राज्य सरकार के आदेश पर जिला प्रशासन के लोग मुखिया पर दबाव बनाकर चेक काटने को कह रहे हैं। लेकिन किसी के दवाब में आकर जिले के मुखिया चेक नहीं काटेंगे। मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार किसी निजी कंपनी द्वारा पूरे राज्य में टेंडर के माध्यम से स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कर रही है। सभी पंचायत में टेंडर कराकर लाइट लगायी जायेगी। लाइट लगाने से पहले मुखिया द्वारा चेक काटकर उक्त कंपनी को देने को कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत को यह अधिकार मिला है कि ग्रामीणों की आवश्यकता अनुसार ग्राम सभा से योजना लेकर ग्राम पंचायत की कार्यकारिणी से स्वीकृति लेकर कार्य कर सकते हैं। सरकार का फैसला सही नहीं है। इसलिए इसे नहीं मानेंगे। सरकार अपने फैसले पर विचार करे। पत्रकार वार्ता में कल्याणपुर पंचायत के मुखिया विनोद चंद्रवंशी, फरठिया पंचायत के मुखिया शहंशाह, प्रदीप कुमार गुप्ता, देवंती देवी, अरूण तिवारी, बदरूद्दीन अंसारी, अलीजामा, विजय कुमार आदि लोग उपस्थित थे।