नई दिल्ली : समूचे देशवासी सोमवार तड़के 2:51 बजने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे तभी करीब एक घंटे पहले चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग टलने की खबर आई। दरअसल, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ( इसरो) ने प्रक्षेपण को तकनीकी खामी की वजह से टालने का फैसला किया। लॉन्चिंग देखने आए लोगों को इससे भले ही निराशा हाथ लगी हो पर सक्रियता और सही समय पर फैसला लेने के लिए इसरो की जमकर तारीफ हो रही है।
इसरो ने अपने ‘बाहुबली’ रॉकेट में तकनीकी खामी का पता सोमवार तड़के प्रक्षेपण से एक घंटा पहले लगा लिया। सोशल मीडिया पर लोगों ने इसरो की प्रशंसा करते हुए कहा है कि ‘कभी नहीं’ से बेहतर ‘कुछ समय का विलंब’ होता है। आपको बता दें कि लॉन्चिंग की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी। कुल 978 करोड़ रुपये की लागत वाले चंद्रयान-2 का उद्देश्य भारत को चंद्रमा की सतह पर उतरकर उसका अध्ययन करना है। चंद्रयान-2 के तहत भारत चांद की सतह पर पानी तथा खनिजों का पता लगाएगा। यह चंद्रमा पर आने वाले भूकंप को भी मापेगा।