जनहित में लेंगे सारे फैसले
रांची। झारखंड में महागठबंधन के नेता और झारखंड के भावी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार की देर रात आजाद सिपाही के से खास बातचीत की। बातचीत में उन्होंने साफ कहा कि झारखंड के लिए महागठबंधन क्या करेगा, यह सरकार गठन के बाद जनता देखेगी। उन्होंने कहा कि उनके कामों का आजाद सिपाही साक्षी बनेगा। यहां प्रस्तुत है आजाद सिपाही के संवाददाता सुनील सिंह ने हेमंत सोरेन से खास बातचीत की।
सवाल: अब जबकि झारखंड की जनता ने आपके ऊपर पूरा विश्वास किया है और बंपर जनादेश दिया है, ऐसे में आप जनता की अपेक्षाओं पर कैसे खरा उतरेंगे। उसकी समस्याओं का कैसे निदान करेंगे?
जवाब: हां, हमें बंपर जनादेश मिला है। जो आकांक्षाएं लोगों की हैं, वह पूरी की जायेंगी। गठबंधन सरकार लोगों की आकांक्षाओं पर खरा उतरेगा। आप देखेंगे कि कुछ दिनों के अंदर ही यह सरकार जनहित में फैसले लेने लगेगी।
सवाल: जिस तरह से चुनाव में साम-दाम-दंड-भेद और जिस तरह से हेमंत सोरेन को टारगेट किया जा रहा था, चाहे वह केंद्र के नेता हों या राज्य के स्टार प्रचारक हों, सभी का एक फोकस था हेमंत सोरेन को घेरना। इससे बच कर निकलने में वह कौन सी रणनीति थी, जिसने आपको इस मुकाम पर पहुंचाया?
जवाब: ऐसी बात क्या है। देश में कई ऐसे लोग रहे हैं, जिन्होंने अकेले युद्ध जीता है। इतिहास में कई गवाह हैं। तो इसलिए आज इनकी रणनीति, इनकी चोरी जब पकड़ी जाती है, तो इनको परास्त करना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। पांच साल के अंदर इन लोगों ने जितने तांडव किये हैं, सरकार ने जिस तरह से जनता आकांक्षाओं को कुचला है, तो मैं तो क्या, राज्य की पूरी जनता इनको परास्त करने में लगी थी। आज वह नतीजा बिल्कुल स्पष्ट है। परिणाम आपके सामने है। जनता ने उन्हें सबक सिखाया है।
सवाल: आप बार-बार कहते थे कि जिस तरह से एक अहंकारी मुख्यमंत्री इस तरह का काम कर रहे हैं, इन्हें जनता सबक सिखायेगी। और जनता ने वह सबक भी उन्हें सिखाया। अब आगे हेमंत सोरेन राज्य की जनता के लिए क्या करेंगे?
जवाब: समय बीतने दीजिए। आपको सब दिखेगा, क्योंकि आप स्थानीय पत्रकार भी हैं और आप लोग इसके गवाह रहेंगे कि राज्य के लिए हम लोग क्या-क्या कर रहे हैं। चुनाव में हमने जनता के लिए अपना घोषणा पत्र भी दिया था। उसके अनुरूप हम काम करेंगे। हम चाहेंगे कि जो भी फैसले हों, जनहित में हों। सवा तीन करोड़ जनता को ध्यान में रख कर हों।