आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राजधानी रांची में लगातार तीसरे दिन भी कोल्ड डे की स्थिति रही। सुबह-शाम हाड़ कंपाने वाली ठंड से लोग परेशान रहे। दिन में धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन शाम होते-होते लोगों की परेशानी और बढ़ती गयी। रात को लोग खुद को पूरी तरह से ढकने के बाद ही घर से निकल रहे थे। इसके बाद भी ठंड उन्हें अपनी उपस्थिति का जबरदस्त एहसास करा रही थी। रविवार को दिन में धूप के कारण थोड़ी राहत रही। इसी का नतीजा रहा कि लोग धूप में खड़े नजर आये। कमोवेश पूरे राज्य की यही स्थिति है। बीते दो दिन शुक्रवार और शनिवार को कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ एसडी कोटाल ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही बर्फीली हवा के कारण फिलहाल तापमान में गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन दिनों तक रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह में कोहरे की धुंध या कुहासा छाये रहने की संभावना है। हालांकि दिन में आसमान साफ रहेगा। धूप के कारण ठंड से लोगों को राहत भी मिलेगी। लेकिन शाम होते-होते फिर ठंड का प्रकोप बढ़ जायेगा।
तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है। झारखंड की राजधानी रांची से सटे कांके क्षेत्र में तापमान गिरकर एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज दर्ज की गयी है। हालांकि न्यूनतम तापमान गिरा है। बीते तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस से अधिक की कमी दर्ज की गयी है। तापमान गिरने से रविवार की सुबह भी घास पर बर्फ जमा दिखा।
तापमान गिरना असामान्य नहीं
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के आंकड़ों के मुताबिक कांके क्षेत्र के तापमान में और गिरावट दर्ज की गयी है। 12 जनवरी को तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस हो गया। विभाग के अध्यक्ष डॉ ए वदूद के मुताबिक तापमान में गिरावट असामान्य नहीं है। इस मौसम में तापमान में कमी दर्ज की ही जाती है।
Previous Articleआजसू की हार में परिवारवाद भी बना कारण
Next Article सीएम पहुंचे अनाथों के द्वार
Related Posts
Add A Comment