रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सड़क निर्माण योजनाओं को ससमय पूरा किया जाये। अच्छी एवं गुणवत्तापूर्ण सड़कें बनें, यह राज्य सरकार की प्राथमिकता है। विकास में सड़क की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिस क्षेत्र में अच्छी सड़कें बनती हैं, उस क्षेत्र का विकास तेजी से होता है। आवागमन की सुविधा के साथ-साथ यह आर्थिक विकास का मार्ग खोलता है। क्षेत्र विशेष की जरूरत के अनुसार सड़कों का निर्माण कार्य करायें। मुख्यमंत्री ने सड़कों का बेहतर रखरखाव करने का भी निर्देश पदाधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने ये निर्देश शुक्रवार को पथ निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिये।
सड़क निर्माण योजनाओं की जानकारी दी गयी
पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष राज्य की सड़क निर्माण से संबंधित योजनाओं पर प्रेजेंटेशन दिया। सचिव ने राज्य भर में चल रहे मेजर रोड प्रोजेक्ट की कार्य प्रगति से अवगत कराया। खूंटी जिला के अड़की-कोरबा-बिरबांकी-कोचांग बंदगांव, बालूमाथ-उदयपुरा, नया चौक-रजरप्पा रोड, ललपनिया मोड़-नया मोड़-बोकारो के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को दी गयी।
बैठक में स्टेट हाइवे अथॉरिटी आॅफ झारखंड के अंतर्गत बनायी जा रही सड़कों की भी समीक्षा की गयी। कोयल नदी गढ़वा में बन रहे सुंदीपुर-पंसा रोड हाई लेवल ब्रिज एवं मयूराक्षी नदी पर बन रहे ब्रिज की कार्य प्रगति की भी जानकारी मुख्यमंत्री को दी गयी।
सड़क निर्माण में क्वालिटी से कोई समझौता नहीं किया जायेगा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभागीय पदाधिकारियों से कहा कि वैसी सभी सड़कें, जिनका कार्य प्रगति पर है, उनकी प्रतिदिन वास्तविक रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए मैकेनिज्म तैयार करें। सड़कों के कामकाज का प्रतिदिन मॉनिटरिंग हो, यह सुनिश्चित करें। सड़कों के निर्माण में क्वालिटी कंट्रोल से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाये।
रोड और ब्रिज का टेंडर अलग-अलग नहीं हो
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभागीय पदाधिकारियों से कहा कि अकसर यह देखने को मिलता है कि सड़क और उस पर बननेवाले ब्रिज का टेंडर अलग अलग होता है। इससे निर्माण कार्य में देरी के साथ-साथ कई बाधाएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने कहा कि ब्रिज तो रोड का ही हिस्सा होता है। अत: ऐसी कार्य योजना तैयार करें, जिसमें रोड और ब्रिज के टेंडर अलग-अलग न हो। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों में तेजी लाने का भी निर्देश विभागीय पदाधिकारियों को दिया। मुख्यमंत्री ने सड़कों पर माइलस्टोन लगाने का आदेश दिया, ताकि दूसरी जगहों से आने-जाने वाले लोगों को अपने गंतव्य की सही दिशा प्राप्त हो सके।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

