रांची। जेपीएससी ने रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए जेपीएससी ने रिवाइज एग्जामिनेशन कैलेंडर 2020-21 जारी किया है। कैलेंडर के अनुसार मार्च तक आठ प्रतियोगी परीक्षा आयोजित होंगी। इसमें दिसंबर के अंतिम सप्ताह में असिस्टेंट डायरेक्टर, सब डिविजन एग्रीकल्चर अफसर पद के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी। लिखित परीक्षा का आयोजन 27 से 30 दिसंबर तक होगा। यह नियुक्ति कृषि विभाग में रिक्त पदों को भरने के लिए की जा रही है। जनवरी के पहले सप्ताह में ही असिस्टेंट टाउन प्लानर के 77 पदों के लिए इंटरव्यू होगा। छह से आठ जनवरी तक इंटरव्यू के लिए कैंडिडेट्स को अलग-अलग दिन बुलाया गया है। जेपीएससी के रिवाइज कैलेंडर के अनुसार असिस्टेंट टाउन प्लानर के रिक्त पदों के लिए 15 से 18 दिसंबर को इंटरव्यू होना था, जिसे अपरिहार्य कारण से रद्द करते हुए छह जनवरी से आयोजित करने की नयी तिथि जारी की गयी है।
जेपीएससी द्वारा 16 से 18 जनवरी तक चार विभागों के लिए असिस्टेंट इंजीनियर के रिक्त पदों के लिए मेंस परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। वहीं 27 जनवरी को जेपीएससी माइंस एंड ज्यूलॉजी डिपार्टमेंट के लिए साइंटिफिक अफसर के रिक्त पदों के लिए इंटरव्यू आयोजित करेगा। जेपीएससी फरवरी और मार्च माह में चार प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करेगा। इसमें फरवरी में आठ से 10 तक सिविल, मैकेनिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स असिस्टेंट इंजीनियर पद के लिए रिटेन एग्जाम आयोजित करेगा। इस परीक्षा के तहत चयनित इंजीनियरों को असिस्टेंट इंजीनियर के रिक्त पदों पर नियुक्त किया जायेगा। इसके तुरंत बाद 22 से 24 फरवरी तक अर्बन डेवलपमेंट में एकाउंट्स अफसर के रिक्त पदों के लिए परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। वित्तीय वर्ष 2020-21 के अंतिम माह के आखिरी सप्ताह में असिस्टेंट पब्लिक प्रोसिक्यूटर के लिए परीक्षा का आयोजन किया जायेगा। यह परीक्षा 22 से 28 मार्च तक होगी।
विवि शिक्षकों के लिए जनवरी में नियुक्ति प्रक्रिया
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की विशेष गाइडलाइन पर जेपीएससी जनवरी में विवि शिक्षकों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगा। जेपीएससी पहले से मंगाये गये आवेदन के आधार पर 552 असिस्टेंट प्रोफेसर के रिक्त पदों के लिए इंटरव्यू लेगा। साथ ही 680 नये पदों के लिए विज्ञापन निकालेगा। जेपीएससी द्वारा विवि में नियमित नियुक्ति के 552 रिक्त पदों पर 15 जनवरी 2019 से रोक लगी हुई है। साथ ही जेपीएससी द्वारा विवि के रीडर और प्रोफेसर की नियुक्ति भी शुरू की जायेगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

