आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को डोरंडा के रिसालदार बाबा मजार के पास स्थित शहरी सामुदायिक चिकित्सा केंद्र में एक सौ बेड के कोविड वार्ड का उद्घाटन किया। ये सभी बेड आॅक्सीजन सपोर्टेड हैं। इसके अलावा उन्होंने रिम्स स्थित बहुमंजिली पार्किंग इमारत में तैयार हो रहे 350 बेड तथा इमरजेंसी 50 बेड वाले आॅक्सीजनयुक्त कोविड वार्ड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के इस दौर में अस्पतालों में आॅक्सीजनयुक्त बेड की अधिक आवश्यकता पड़ रही है। राज्य सरकार आॅक्सीजन सपोर्टेड बेड बढ़ाने को लेकर निरंतर प्रयासरत है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और बोकारो इत्यादि बड़े शहरों में संक्रमित मरीजों का दबाव ज्यादा है। मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण आॅक्सीजनयुक्त बेड की कमी को पूरा करने के लिए रांची तथा पूर्वी सिंहभूम जिला में कोविड सर्किट बनाने का काम किया गया है। कोविड सर्किट के तहत आसपास जिलों के कई शहरों को कोविड कॉरिडोर के रूप में जोड़ा गया है। रांची-जमशेदपुर इत्यादि जगहों पर संक्रमित मरीजों का अधिक दबाव होने पर आस-पास के निकटतम शहरों में इलाज हेतु आॅक्सीजन बेड की व्यवस्था की गयी है। इससे मरीजों का त्वरित इलाज संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कड़ी में डोरंडा स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (रिसालदार बाबा हॉस्पिटल) में एक सौ बेड वाले आॅक्सीजनयुक्त बेड तैयार करने का कार्य पूरा कर लिया गया है। एक-दो दिनों में इस हॉस्पिटल में कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज प्रारंभ हो जायेगा। उन्होंने कहा कि रिम्स स्थित बहुमंजिली कार पार्किंग इमारत में भी 350 आॅक्सीजन सपोर्टेड बेड की तैयारी की जा रही है। दो-चार दिनों के अंदर यहां भी संक्रमित मरीजों का इलाज शुरू हो जायेगा। इसी तरह इटकी सैनेटोरियम को लेकर भी कार्य योजना तैयार की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय मिल-जुल कर संक्रमण से लड़ने का है। इस जंग को संकल्प के साथ लड़ेंगे, तभी जीतेंगे। उन्होंने कहा कि किसी को यह पता नहीं था कि संक्रमण इस रफ्तार से लोगों के बीच फैलेगा। सतर्कता में ही सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का कड़ाई से पालन करें। आप तथा आपके परिवार की सुरक्षा आपके ही हाथ में है अत: सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पूरा पालन करें।
ये रहे उपस्थित : मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

