पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर )कोर्ट हाजत का ग्रिल तोड़कर शुक्रवार को दो अपराधी फरार हो गए। पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाले अमन लाल और सोनू यादव बाइक छिनतई के मामले में पकड़े गए थे। कदमा पुलिस ने गिरफ्तार कर 27 दिसंबर को न्यायिक हिरासत में दोनों को भेजा था। पुलिस ने इस मामले में बाइक भी रिकवरी की थी। अमन और सोनू को साकची में बने आइसोलेशन जेल में रखा गया था। वहां से शुक्रवार उन्हें पेशी के लिए कोर्ट ले जाया गया था। उन्हें कोर्ट हाजत में अन्य बंदियों के साथ रखा गया था। उसी बीच दोनों हाजत की खिड़की जंग लगे ग्रिल तोड़कर फरार हो गये। यह बात तब सामने आयी जब जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि पुलिस दोनों की गिरफ्तारी को लेकर हर संभव प्रयास कर रही है। दोनों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि अमन लाल और सोनू यादव का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। बाइक छिनतई की घटना में संलिप्ता उजागर होने के बाद पुलिस ने दोनों को पहली बार गिरफ्तार कर जेल भेजा था।