Browsing: विशेष

रांची। झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। और इसके साथ ही राजनीतिक दल भी पूरी तरह चुनावी मोड में आ गये हैं। प्रत्याशियों के चयन से पहले चुनाव पूर्व गठबंधन को कोशिशों का कुल जमा यही हासिल हुआ है कि राज्य की अधिकांश सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबले की जमीन तैयार हो गयी है।
इस त्रिकोणीय मुकाबले का एक कोण जहां सत्तारूढ़ भाजपा और आजसू है, वहीं दूसरे कोण पर झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन है, जिसमें कांग्रेस, राजद और दूसरे छोटे दल हैं। तीसरा कोण बाबूलाल मरांडी का झारखंड विकास मोर्चा बना रहा है, जिसने सभी 81 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी है। यह तो बड़ी तसवीर है, लेकिन यह भी सच है कि राज्य की करीब दर्जन भर सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा और आजसू या झामुमो और कांग्रेस के बीच दोस्ताना संघर्ष हो सकता है।
वैसे तो कोई भी संघर्ष दोस्ताना नहीं होता, लेकिन भारतीय चुनाव में इसका धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जाता है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनाव की पूरी तसवीर पर निगाह डालती हमारे पॉलिटिकल ब्यूरो की यह स्पेशल रिपोर्ट।

पत्थर को जमीन पर दे मारिये तो वह टूट कर बिखर जाता है, वहीं रबड़ की गेंद के साथ यही कवायद करने पर वह आसानी से उछलती रहती है और उसकी सेहत पर कोई खास फर्क नहीं पड़ता। तो जीवन में जितना महत्वपूर्ण रवैया है उतना ही राजनीति में भी। और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन का अड़ियल रवैया भी उनकी राह में मुसीबतें पैदा कर रहा है। राजद के प्रदेश के नेता जब उनसे सीट शेयरिंग पर बात करने गये तो पहले दिन हेमंत ने उन्हें नजरअंदाज किया। वे यह भूल गये कि झारखंड में राजद टूटी है लालू यादव नहीं टूटे हैं और अब भी किंग मेकर से कुछ कम स्वीकार करने के मूड में लालू यादव नहीं हैं चाहे उनका स्वास्थ्य बेहतर न हो, पर इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। झाविमो पहले ही झामुमो से किनारा कर चुका है। कांग्रेस आलाकमान भी अलग से हेमंत को बहुत भाव नहीं दे रहा है। माले भी उनके बारे में अपना विचार व्यक्त कर चुका है। हां, सीपीआइ और सीपीएम को छोड़ दिया जाये तो हेमंत के साथ उनकी पार्टी के विधायक और कार्यकर्ता ही साथ खड़े दिखायी दे रहे हैं। झारखंड की राजनीति में खुद को और अपनी पार्टी को प्रासंगिक बनाये रखने के लिए हेमंत सोरेन को अपने व्यवहार में परिवर्तन लाना होगा। यह जरूरत हाल के दिनों में आत्ममंथन करते समय वे महसूस भी कर रहे होंगे। विधानसभा चुनाव नजदीक आने पर झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन और उनकी पार्टी की चुनौतियों को रेखांकित करती दयानंद राय की रिपोर्ट।