Browsing: Politics and jails in Jharkhand

झारखंड में राजनीतिक पुरुषों का जेल से गहरा नाता रहा है। काली कोठरी ने जहां कई नेताओं के राजनीतिक करियर को चमक दी है, वहीं कई ऐसे नेता हैं, जिन्होंने जेल यात्रा के बाद सियासत के क्षितिज पर अवसान भी देखे हैं। इस विधानसभा चुनाव में भी कई क्षेत्रों के चुनावी खेल में जेल का फैक्टर बेहद अहम साबित होगा। जेल में बंद हार्डकोर नक्सली कमांडर कुंदन पाहन ने कोर्ट से चुनाव लड़ने की इजाजत मांगी है, जबकि तमाड़ के विधायक रहे रमेश सिंह मुंडा की हत्या के आरोप में जेल में बंद पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक राजा पीटर को एनआइए कोर्ट ने चुनाव लड़ने की इजाजत दे दी है। अगर कुंदन पाहन को इजाजत मिल गयी, तो तमाड़ विधानसभा क्षेत्र एक साथ दो जेलबंदियों के सियासी टकराव का उदाहरण बनेगा। इधर राष्ट्रीय खेल घोटाले में जेल में बंद पूर्व मंत्री और विधायक बंधु तिर्की ने अदालत में बेल पिटीशन दायर की है। बेल मिले या ना मिले, उनका मांडर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। चारा घोटाला में झारखंड में जेल की सजा काट रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का भी झारखंड की चुनावी हलचल से पल-पल का नाता रहेगा। बड़कागांव के पूर्व कांग्रेस विधायक योगेंद्र साव और झरिया के भाजपा विधायक संजीव सिंह जेल में बंद रहने के बावजूद चुनावी समीकरणों की अहम धुरी रहेंगे। हाल में जेल से निकले झारखंड विकास मोर्चा के विधायक प्रदीप यादव और पूर्व भाजपा विधायक उमाशंकर यादव अकेला चुनावी अखाड़े में जोर-आजमाइश के लिए कमर कस चुके हैं, तो कालकोठरी की सजा काटकर रिहा हुए पूर्व विधायक आजसू नेता कमल किशोर भगत लोहरदगा के चुनावी मैदान में उतरने को तैयार अपनी पत्नी के लिए और जमानत पर छूटे झारखंड के पूर्व मंत्री और झारखंड पार्टी के नेता एनोस एक्का कोलेबिरा में अपनी बेटी के लिए जोर लगायेंगे। उधर झारखंड की राजनीति में सियासत और जेल के रिश्ते का ताना-बाना पर पैनी निगाह डालती राजनीतिक विश्लेषक शंभु नाथ चौधरी की रिपोर्ट।