Browsing: stranded in the swamp of headfight

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को झारखंड में मिली हार से पार्टी में बगावत के सुर दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। पहले से ही निशाने पर चल रहे प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार को हटाने के लिए अब वरिष्ठ नेता कमर कस कर मैदान में कूद चुके हैं। एक बार फिर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू, केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल से मुलाकात कर अजय कुमार को हटाने की वकालत की है। यह तो तय है कि प्रदेश कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है। आपसी कलह में डूबी प्रदेश कांग्रेस के अलग-अलग गुट प्रदेश अध्यक्ष हटाओ और प्रदेश बचाओ के अभियान में जुटे हुए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर झारखंड में कम और दिल्ली में ज्यादा रहने का आरोप लगाया जा रहा है। पार्टी के भीतर उनके कार्यकलापों को लेकर सवाल लगातार उठ रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रदेश अध्यक्ष के कदम अपने प्रत्याशियों या गठबंधन के सहयोगी दलों के प्रत्याशियों के लिए कम ही निकले। अब इसी बात को पार्टी के भीतर उनके विरोधी मुद्दा बना रहे हैं। वे चाहते हैं कि विधानसभा चुनाव वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल में न हो, बल्कि किसी नये चेहरे को जिम्मेदारी मिले। कांग्रेस में उठे तूफान पर प्रकाश डाल रहे हैं राजीव।