रांची। हम भारतीय हैं, ये भावना जब देश के युवाओं के अंदर आयेगी, तो देश को तोड़ने की भावना स्वत: ही उनके दिलों से समाप्त हो जायेगी। आज युवाओं को राष्ट्र को तोड़ने की शक्ति के खिलाफ खड़ा होने की जरूरत है। तभी हमारा देश फिर से विश्व गुरु बन सकेगा। उपरोक्त बातें राजस्व, निबंधन, भूमि सुधार, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री अमर कुमार बाउरी ने गुरुवार को रांची के निफ्ट में आयोजित भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय के पूर्व गणतंत्र दिवस परेड शिविर मध्य क्षेत्र कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने एनएसएस के कैडेट का उत्साह वर्धन करते हुए कहा कि 6 राज्यों के लाखों कैडेट के बीच से आप 210 कैडेट राजपथ पर होने वाले परेड के लिए चयनित हुए है। यह गर्व की बात है। आप अपना प्रशिक्षण बेहतर करें और अपने राज्य का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि आज गणतंत्र का मतलब कुछ लोगों के लिए सरकारी छुट्टी की तरह है। लेकिन भारत जो विश्व का सबसे बड़ा गणतंत्र राष्ट्र है, इसके प्रति भी उन्हें चिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ युवा देश को विखंडित करने के लिए काम कर रहे हंै, उनके विरोध में देश के 65 प्रतिशत युवाओं को खड़ा होने की जरूरत है।
मंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज वक़्त आ गया है, जब हम सब जाति, धर्म क्षेत्र से ऊपर उठ कर भारतीय बनें। आजादी के बाद के 70 वर्ष बहुत होते हैं अपनी जाति क्षेत्र और धर्म बताने को। लेकिन अब वक्त है कि हम एक बार फिर विश्व को यह साबित कर दें कि हम भारतीय हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कौशल विकास योजना से आस पास के पड़ोसी मुल्कों में चिंता है कि अगर इसी गति से भारत के युवा आगे बढ़ते रहे तो भारत एक विश्व शक्ति के रूप में उभर जायेगा। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत देश के शहीदों को इतिहास में सही जगह नहीं दी गयी। लेकिन अगर हम अपने भारत को समझने की कोशिश करें तो हमें अपने राष्ट्र पर गर्व होगा। मंत्री ने कहा कि मानव कल्याण, ब्रह्मांड विश्व के लिए भारत का अपने मूल रूप में रहना होगा। यहां की संस्कृति, यहां की परंपरा और यहां का ज्ञान ही भारत को विश्व गुरु बनाता रहा है।
रांची विश्वविद्यालय के कुलपति रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि इस कार्यक्रम में आये सभी कैडेट को बधाई और शुभकामनाएं हैं। उन्होंने कहा कि एनएसएस देश में समाज की कुरीतियों को समाप्त करने और खेल को बढ़ावा देने का काम कर रहे हंै। एनएसएस देश भक्ति की भावना से ग्रामीणों को जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के अंदर और देश के बाहर की शक्ति देश को अस्थिर कर रही है। ऐसे में युवाओ का दायित्व बढ़ जाता है। निदेशक खेल विभाग, झारखंड सरकार अनिल कुमार सिंह ने कहा कि आज का दिन गौरव का दिन है। जहां 6 राज्यों के 210 कैडेट परेड सीखेंगे और राजपथ पर परेड प्रस्तुत करेंगे। निफ्ट के निदेशक टीपी चट्टोपाध्याय ने कहा कि यह निफ्ट के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आज का यह सेवा कार्यक्रम को अलग तरीके से देखने की जरूरत है। आज देश की आबादी में 65 प्रतिशत युवा है। यदि आज युवाओं को सही तरीके से शिक्षित कर सकें तो कल के राष्ट्र का निर्माण होगा। कार्यक्रम में विनय कुमार, क्षेत्रीय निदेशक राष्ट्रीय सेवा योजना ने अपने स्वागत भाषण दिया। इस कैंप में झारखंड राय विश्विद्यालय की छात्रा सतरूपा भट्टाचार्जी का चयन इस कैंप के लिए किया गया है। इनके चयन पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी प्रो धीरज कुमार पांडे एवं संस्कृति विभाग के हेड-सह जनसंपर्क अधिकारी प्रो प्रशांत जयवर्धन ने बधाई दी है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

