बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित मिले कई प्रतिष्ठान, मिठाई दुकानों और किराना स्टोर में हुई जांच; होटल भी रहे जांच के दायरे में
बरवाडीह। खाद्य पदार्थों में मिलावट और एक्सपायरी सामान की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर गुरुवार को बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में जिला खाद्य सुरक्षा एवं तंबाकू नियंत्रण टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अमन गुप्ता, सरिता जेराई और जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परामर्शी नागेंद्र कुमार ने बरवाडीह पुलिस एवं छिपादोहर पुलिस के सहयोग से विभिन्न मिठाई दुकानों, होटलों और किराना प्रतिष्ठानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान मिलन स्वीट्स, प्रिंस मिष्ठान, विजय होटल, अलीमुद्दीन जनरल स्टोर, सोनू जनरल स्टोर, सुरेश किराना स्टोर, परमानंद किराना स्टोर और विशाल किराना स्टोर में खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई।
कार्रवाई के दौरान 150 पैकेट एक्सपायरी अमूल दही के साथ छेना और खोवा को मौके पर ही नष्ट कराया गया। वहीं, अवैध रूप से तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर 2700 रुपये का जुर्माना लगाया गया।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन, बिना लाइसेंस कारोबार और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी नियमित जांच और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

