बेंगलुर। महानगर के चामराजपेट थाना क्षेत्र के न्यू तारगु पेट के पास रायन सर्कल में एक निजी गोदाम में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विस्फोट में मारे गए दो लोगों के शरीर के चिथड़े उड़ गए। विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार रायन सर्कल में गुरुवार दिन में लगभग 12 बजे के आसपास एक गोदाम में अचानक विस्फोट होने से इलाके के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट के दौरान वहां खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। विस्फोट के बाद दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस के अनुसार मृतकों में पटाखों की दुकान का मालिक फैयाज (50), मालवाहक वाहन का चालक मनोहर (29) और गोदाम के पास पंक्चर की दुकान चलाने वाले असलम के रूप में हुई है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैयाज और मनोहर के शरीर के चिथड़े उड़ गए।
घटनास्थल का दौरा करने वाले डीसीपी साउथ हरीश पांडे ने बताया कि विस्फोट का मामला रहस्यमय लग रहा है। वहां न तो एलपीजी सिलेंडर लीक होने और न ही शॉर्ट सर्किट की जानकारी मिली है। विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें सरकारी विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
डीसीपी पांडे ने कहा कि ऊपर से देखने पर यह मामला पटाखों के विस्फोट जैसा लग रहा है लेकिन अभी तक इस बात का कोई संकेत नहीं है कि धमाका कंप्रेसर या गैस रिसाव के कारण हुआ था। उन्होंने बताया कि गोदाम में पटाखों से भरे करीब 60 डिब्बे रखे थे, लेकिन उनमें से केवल दो में ही विस्फोट हुआ है। विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

