अनूपगढ़/रामसिंहपुर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में जांच के दौरान पुलिस को दो और संदिग्ध बमनुमा बॉक्स मिले हैं। ये बॉक्स रामसिंहपुर-अनूपगढ़ रेलवे ट्रैक के पास एक मजार के नजदीक बरामद किए गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके की घेराबंदी कर दी है और बम निरोधक दस्ते को सूचना दी है। फिलहाल जांच की जा रही है कि संदिग्ध बॉक्स में विस्फोटक सामग्री है या नहीं।
पुलिस के अनुसार, 3 नवंबर को हुए रेलवे ट्रैक विस्फोट के मामले में गिरफ्तार महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली थी कि उन्होंने 12 और 13 अक्टूबर को भी इसी इलाके में बम लगाए थे। इस सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर रामसिंहपुर-अनूपगढ़ रेलवे ट्रैक के पास पहुंची। तलाशी के दौरान वहां दो बमनुमा संदिग्ध बॉक्स मिले।
बम निरोधक दस्ते को दी गई सूचना
संदिग्ध बॉक्स मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही रोक दी। बम निरोधक दस्ते और रेलवे अधिकारियों को भी सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दस्ते की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बॉक्स में विस्फोटक है या नहीं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुआ था धमाका
गौरतलब है कि 3 नवंबर की रात अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास विस्फोट हुआ था। धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो सीमेंट के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और पटरियों के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया था। राहत की बात यह रही कि विस्फोट से करीब 45 मिनट पहले एक यात्री ट्रेन वहां से गुजर चुकी थी। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।
14 नवंबर को पंजाब से गिरफ्तार हुए थे दोनों आरोपी
इस मामले में राजस्थान एटीएस, श्रीगंगानगर पुलिस, पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस और गुरदासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने 14 नवंबर को पंजाब के गुरदासपुर जिले से महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों के निर्देश पर काम करने की आशंका जताई गई है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपियों ने अक्टूबर में भी रेलवे ट्रैक पर टाइमर बम लगाने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट नहीं हो सका। इसके बाद 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके में दूसरे टाइमर बम का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां इस कथित साजिश में अन्य लोगों की भूमिका, नेटवर्क के विस्तार और बरामद संदिग्ध बॉक्स की वास्तविक प्रकृति का पता लगाने में जुटी हैं।

