रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी नेपत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में बर्बर यातना के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को पत्र लिखा है। उन्होंने आयोग से स्वयं संज्ञान लेकर अपनी निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने का अनुरोध किया है। मरांडी ने पत्र में कहा है कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पाकरटांड़ थाना में अभिषेक भारती को मनचाहा बयान देने के लिए घंटों प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि 25 नवंबर की रात से 26 नवंबर दोपहर 3 बजे तक रुक-रुक कर पीटा गया, तलवों पर लाठियां बरसाई गईं, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर मारा गया और मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। असहनीय पीड़ा में उन्होंने सादे कागज पर हस्ताक्षर तक करने को कह दिया और फिर अचेत हो गए।
उन्होंने कहा कि न्यायालय में प्रस्तुति के लिए सिमडेगा न्यायालय लाए जाने पर अभिषेक अपने पैरों पर खड़े भी नहीं हो पा रहे थे, चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर लाए और वे न्यायालय में बेहोश होकर गिर पड़े। न्यायालय ने अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया, लेकिन पुलिस पहले उन्हें नगर थाने की हाजत में ले गई और हालत बिगड़ने पर ही सदर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान न्यायालय परिसर में वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को भी 4 घंटे थाने में बैठाए रखा गया, उनके चलभाष से वीडियो मिटाए गए।
मरांडी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांग की है कि –
1. अभिषेक भारती को तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा और स्वतंत्र चिकित्सा परिषद से जांच कराई जाए।
2. पाकरटांड़ और नगर थाना तथा न्यायालय परिसर के सीसीटीवी चित्रण, थाना दैनंदिनी, हिरासत एवं प्रस्तुति से जुड़े दस्तावेज और अस्पताल के चिकित्सा पंजी सुरक्षित कराए जाएं।
3. हिरासत में लिए गए हस्ताक्षर वाले कागजातों की जांच हो।
4. तीनों पत्रकारों को सुरक्षा देकर स्वतंत्र बयान दर्ज कराया जाए।

