रांची: हर वक्त संघर्ष से जूझनेवाले विधायक डॉ अनिल मुर्मू अब हमेशा के लिए यादों में सिमट गये हैं। विधानसभा में बुधवार को आखिरी बार साथी विधायकों ने उन्हें नम आंखों से जोहार किया। भीड़ के बावजूद परिसर में पूरी तरह खामोशी थी। सबकी आंखें नम थीं। यहां दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन और श्रद्धा सुमन अर्पित करने की प्रक्रिया 12 बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री, स्पीकर, तमाम मंत्री, विधायक के बाद सीएस, डीजीपी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव समेत तमाम आलाधिकारियों ने श्रद्धांजलि देकर अंतिम विदाई दी। करीब 25 मिनट तक यह सिलसिला चला। करीब 12.30 बजे यहां से पार्थिव शरीर पार्टी कार्यालय बरियातू के लिए निकला। दिवगंत विधायक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव रांगा में राजकीय सम्मान के साथ गुरुवार दिन के 11 बजे किया जायेगा, जिसमें सरकार के प्रतिनिधि के रूप में मंत्री लुइस मरांडी समेत झामुमो का पूरा कुनबा उपस्थित रहेगा। शोक के बाद विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
मुर्मू की कमी महसूस करेगा सदन : रघुवर
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य ने एक युवा नेता खो दिया है। अनिल मुर्मू एक जुझारू नेता थे। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। वह समस्याओं को लेकर काफी गंभीर रहते थे। जोरदार तरीके से समस्याओं को सदन में उठाते थे। मुर्मू की कमी को सदन महसूस करेगा। राज्य को बड़ी क्षति हुई है। आनेवाले समय में इसकी भरपाई कर पाना मुश्किल होगा। इस दु:ख की घड़ी में पूरी सरकार विधायक परिवार के साथ है।