आदित्यपुर: कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव लाकर भाजपा ने झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण पर गहरी चिंता जतायी। भाजपा ने तय किया कि घुसपैठियों को झारखंड से खदेड़ा जायेगा। भाजपा ने कहा कि पार्टी लगातार संथाल परगना सहित झारखंड के अन्य क्षेत्रों में बांग्लादेशियों की घुसपैठ का विरोध करती रही है। झारखंड में घुसपैठ के खिलाफ भाजपा ने काफी काम किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कार्यसमिति की बैठक से संबंधित जानकारी देते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद घुसपैठ पर काम करने वाली एजेंसियां काफी सक्रिय हुई हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में बांग्लादेश के करीब 10 से 12 लाख लोग घुसे हुए हैं और इन्हें घुसपैठ कराने में ममता बनर्जी की पार्टी पूरी तरह जिम्मेवार है, क्योंकि टीएमसी बांग्लादेशियों को अपना वोटबैंक मानती है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के लाखों लोग झारखंड के अवैध वोटर बने हुए हैं और यहां की नागरिकता के फायदे उठा रहे हैं। इन्हें खदेड़ना ही भाजपा का लक्ष्य है। दीपक प्रकाश ने कहा कि यह भाजपा की कोशिश से ही संभव हुआ है कि कइ घुसपैठियों की नागरिकता खत्म होने वाली है। उन्होंने यह भी माना कि घुसपैठ एक अंतरराष्ट्रीय षडयंत्र है और इसे खत्म होने में थोड़ा समय लगेगा।
अंत्योदय हमारा सपना नहीं, लक्ष्य : दीपक प्रकाश
भाजपा के प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि अंत्योदय भाजपा का सपना नहीं लक्ष्य है। पंडित दीनदयालय उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सोच के तहत भाजपा का एक ही लक्ष्य है कि जन जन तक विकास की किरण पहुंचे। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में भाजपा ने खुशहाल झारखंड के संकल्प को दोहराया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते पर चलने के लिए भाजपा ने एक समिति बनायी है, जो भविष्य के कार्यक्रम तय करेगी और बड़े वर्कशॉप भी आयोजित करेगी। दीपक प्रकाश ने कहा कि बैठक में विपक्ष की नकारात्मक भूमिका पर भी चर्चा हुई । भाजपा ने कहा कि विपक्ष समाज को समरस नहीं होने देना चाहता।
कार्यसमिति की बैठक में ये लोग थे मौैजूद
कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, सांसद बीडी राम, रवींद्र राय, सुनील सिंह, विद्युतवरण महतो, पीएन सिंह, महेश पोद्दार, रामटहल चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मंत्री नीरा यादव, लुईस मरांडी, रणधीर सिंह, अमर बाउरी, रामचंद्र चंद्रवंशी, राज पलिवार, भाजपा के पदाधिकारी हेमलाल मुर्मू , दीपक प्रकाश, प्रतुल शाहदेव, दीनदयाल उपाध्याय, राकेश प्रसाद, जेबी तुबिद, अनंत ओझा, रामकुमार पाहन, आरती सिंह, समीर उरांव, शिवपूजन पाठक, संजय जायसवाल, प्रवीण प्रभाकर, मेयर आशा लकड़ा और डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, अजयनाथ शाहदेव, राजेश शुक्ला सहित भाजपा के सभी विधायक, जिलाध्यक्ष और कार्यसमिति सदस्य मौजूद थे।