रांची: आइटी विभाग ने झारखंड मंत्रालय में वेबकास्टिंग स्टूडियो का निर्माण किया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास इसका उद्घाटन करते ही वेब के माध्यम से सीधे पंचायतों से जुड़ गये। उन्होंने पिछले ही साल बजट से पहले कहा था कि राज्य की पंचायतें सीधे मंत्रालय से जुड़ेंगी। अब गांव और राज्य के सचिवालय आपस में समन्वय कर विकास योजनाओं को गति देंगे। उद्घाटन के बाद सीएम ने स्टूडियो से ही कोल्हान प्रखंड के मुखिया एवं पंचायत सहायकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ६६६.्नँं१ॅङ्म५.३५ से राज्य की जनता को काफी लाभ होगा। जनता एवं सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सकेगा। गांव की समस्याओं का शीघ्र निष्पादन होगा एवं विकास की गति तेज होगी।

2018 तक झारखंड को खुले में शौच से मुक्त बनाना है : सीएम ने झारखंड मंत्रालय में वेबकास्टिंग के माध्यम से कोल्हान प्रमंडल अंतर्गत सभी 576 पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत सचिवालय के स्वयंसेवकों से बात की। कहा कि 2018 तक झारखंड को खुले में शौच से मुक्त बनाना है। इसके लिए 14वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग प्राथमिकता के तौर पर गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने में करें। इस कार्य में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम है।

ऐसा कर्म करें कि लोग आपका भी स्मरण करें : मुख्यमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी में भी हम शौच के लिए बाहर जायें, यह सभ्य समाज के लिए उचित नहीं। अग्रणी समाज सुधारक, विचारक एवं कर्मयोगी स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर हम उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लें। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों का गांव बनाने का संकल्प लें। ऐसा कर्म करें कि लोग आपका भी स्मरण करें, आपकी कीर्ति को याद रखें।

जरूरतमंदों को दिये जा रहे चार प्रपत्र : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का विकास तभी होगा, जब गरीब, असहाय एवं लाचार व्यक्ति का विकास होगा। लाचार, बेबस एवं गरीब की भलाई के लिए उनकी सहभागिता आवश्यक है। सरकार द्वारा 60 वर्ष से ऊपर के वृद्ध एवं लाचार व्यक्तियों, भूमिहीन व्यक्तियों, अनाथ बच्चों एवं विधवा बहनों के सर्वेक्षण के लिए 4 प्रपत्र दिये जा रहे हैं।

पहली बार सोहराय पर्व के अवसर पर अवकाश की घोषणा : मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व-त्योहार हमारी संस्कृति के अभिन्न अंग हैं। पर्व हमारा है, इस पर पहरा नहीं होना चाहिए। हम अनुशासित होकर पर्व मनायें। झारखंड की संस्कृति में सोहराय पर्व का महत्वपूर्ण स्थान है। सरकार ने पहली बार सोहराय पर्व के अवसर पर अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने झारखंड की जनता को सोहराय, मकर-संक्रांति एवं टुसू पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, अपर मुख्य सचिव अमित खरे, प्रधान सचिव एपी सिंह समेत आइटी विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version