सिंदरी। भाजपा धनबाद जिला ओबीसी मोर्चा के मंत्री कुमार महतो पर शनिवार देर रात जानलेवा हमला हुआ। घात लगा बैठे हमलावरों ने उस समय अंधाधुंध फायरिंग की जब वह स्कॉर्पियो पर सवार होकर एसीसी गेट से अपने घर लौट रहे थे। इस घटना के बाद सिंदरी में दहशत का माहौल है।
महतो के अनुसार वह देर रात एसीसी गेट के पास अपने हाइवा वाहन की मरम्मत कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गौशाला पुराना ओपी के पास उनके वाहन पर फायरिंग की। हालांकि महतो और उनके सहयोगियों को गोली नहीं लगी। महतो ने तुरंत घट ना की सूचना सिंदरी थाना के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार और गौशाला ओपी प्रभारी बीके मिश्रा को दी। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। फायरिंग से स्कॉर्पियो का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया है। वाहन में कई गोलियों के निशान हैं। भाजपा नेता पर फायरिंग से सिंदरी में भय का माहौल उत्पन्न हो गया है। इसके पूर्व भी यहां के भाजपा नेताओं के ऊपर फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस छानबीन कर रही है।