- बड़ा तालाब के बीचोबीच स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की ऊंचाई 33 फीट है। इसे 16 फीट की गहराई से पानी के ऊपर खड़ा किया गया है।
रांची। राजधानी रांची में युवा दिवस के मौके पर 12 जनवरी को बड़ा तालाब पर स्थापित की जा रही स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा राज्य को समर्पित की जायेगी। इसका राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास एक भव्य समारोह में अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री रघुवर दास का एक सपना इस निर्माण से पूरा होने जा रहा है। कहा जाता है कि रघुवर दास को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा बड़ा तालाब में स्थापित करने का सपना आया था। इसके बाद से ही उन्होंने इसे पूरा करने की ठान ली थी। अब उनका यह सपना सच होने जा रहा है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास के आदेश के बाद यहां पर रात-दिन काम चल रहा है और काम लगभग पूरा हो चुका है। बड़ा तालाब के बीचोबीच स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा की ऊंचाई 33 फीट है। इसे 16 फीट की गहराई से पानी के ऊपर खड़ा किया गया है। निर्माण कार्य को फाइनल टच देने में लगे कारीगरों की मानें, तो यह एक बेहद ही चुनौतीपूर्ण काम था, जिसे रात दिन मेहनत कर आखिरकार पूरा कर लिया गया है। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के निर्माण में दो करोड़ 96 लाख रूपये लगे हैं। इस प्रतिमा को उसी वास्तुकार ने तैयार किया है, जिसने गुजरात में सरदार बल्लभ भाई़ पटेल की मूर्ति को तैयार किया है।
बड़ा तालाब के सौदर्यीकरण में मेकॉन के अलावा उर्मिला कंस्ट्रक्शन और सापुरजी पालनजी कंपनी रात दिन जुटी रही हैं। सरकार ने पूरे प्रोजेक्ट पर और सौदर्यीकरण पर 31.5 करोड़ खर्च किये है। इसमें 15.5 करोड़ रुपये तालाब पर ब्रिज बनाने, मूर्ति स्थापित करने और तालाब को बेहतर बनाने में खर्च हो रहे हैं। 13 करोड़ से बड़ा तालाब की चहारदीवारी बन रही है। निर्माण पर खर्च होगा। तालाब के बीचोबीच स्वामी विवेकानंद की 33 फीट ऊंची मूर्ति लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगी।